भोपाल में नया शिक्षा सत्र 2026-27: विशेष बालसभा और प्रवेश उत्सव की तैयारी
राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल के निर्देशानुसार आगामी 1 अप्रैल 2026 से नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 का शुभारंभ किया जा रहा है। इस अवसर पर सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों के नामांकन को 31 मार्च तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
स्कूल चलें हम अभियान के अंतर्गत प्रथम चरण का प्रवेश उत्सव कार्यक्रम भी आयोजित होगा। नवीन शिक्षा सत्र में कक्षा 1 से 7 तक के सभी छात्रों की कक्षा उन्नति शिक्षा पोर्टल 3.0 पर करने के बाद शत-प्रतिशत नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रवेश उत्सव और विशेष बालसभा
सभी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में 1 अप्रैल को विशेष बालसभा और प्रवेश उत्सव का आयोजन होगा। इस अवसर पर विशेष भोज का आयोजन और नव प्रवेशित छात्रों का स्वागत किया जाएगा। नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें भी वितरित की जाएंगी।
अभिभावकों को अप्रैल माह में छात्रों के नामांकन, उपस्थिति और उपलब्धि स्तर के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही शासन द्वारा जारी नवीन शैक्षिक योजनाओं जैसे नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण, गणवेश, छात्रवृत्ति और साइकिल वितरण की जानकारी भी साझा की जाएगी।
ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया
इस वर्ष बालक-बालिका छात्रावास में कक्षा 6 के प्रवेश ऑनलाइन होंगे। जिले के तीन कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास, सात नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका छात्रावास और एक नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालक छात्रावास में प्रवेश प्रक्रिया 10 मार्च से प्रारंभ हो गई है।
प्रवेश के लिए पंजीकरण और आवेदन एजुकेशन पोर्टल 3.0 के हॉस्टल मैनेजमेंट सिस्टम पर अनिवार्य है। प्रथम चरण की आवेदन तिथि 30 मार्च निर्धारित की गई है, जिसके बाद 1 अप्रैल को स्क्रूटनी प्रक्रिया के माध्यम से पात्र छात्रों की सूची जारी की जाएगी।
द्वितीय चरण की प्रक्रिया
सीटों के रिक्त रहने पर द्वितीय चरण की प्रवेश प्रक्रिया 6 अप्रैल से 10 जून तक चलेगी। स्क्रूटनी प्रक्रिया 12 से 14 जून तक पूरी कर 15 जून से चयनित छात्रों को छात्रावास में प्रवेश दिया जाएगा।
प्रवेश प्रक्रिया के संबंध में बीआरसी, जन शिक्षक, वार्डन और सहायक वार्डन द्वारा मोटिवेशन कैम्प भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिकाधिक बालिकाओं को लाभ मिल सके।
इस पहल के माध्यम से शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और छात्रों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Continue With Google
Comments (0)