उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सरोजिनी नायडू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वार्षिक उत्सव 'स्वयंप्रभा-2026' में दी प्रेरणादायक सीख
भोपाल: सरोजिनी नायडू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वार्षिक उत्सव समारोह 'स्वयंप्रभा-2026' में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों को प्रेरणा देते हुए कहा, "ट्राय फॉर द बेस्ट, प्रीपेयर फॉर द वर्स्ट"। उन्होंने बताया कि असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना ही सफलता का मूल मंत्र है।
अपने संबोधन में श्री शुक्ल ने कहा कि भारत तेजी से एक आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभर रहा है और विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि ये किसी भी राष्ट्र के समग्र विकास का आधार होते हैं।
उन्होंने युवा पीढ़ी की क्षमता की प्रशंसा करते हुए कहा कि यदि युवाओं की ऊर्जा, शिक्षा और सही दिशा का समन्वय हो जाए, तो भारत विश्व गुरु बनकर विश्व में शांति और स्थिरता स्थापित कर सकता है। इस संदर्भ में स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि युवा शक्ति की सक्रिय भागीदारी से 21वीं सदी भारत की सदी होगी।
श्री शुक्ल ने महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. श्याम बिहारी गोस्वामी के कार्यों और टीम वर्क के महत्व की सराहना की। उन्होंने प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं को पुरस्कृत किया। पं. शंकरदयाल शर्मा स्मृति पुरस्कार के अंतर्गत कु. हिमानी पांडेय को ऑल राउंडर पुरस्कार एवं कु. अर्पणा चौबे को बेस्ट डिबेटर पुरस्कार प्रदान किया गया।
- 10 विशिष्ट पुरस्कार भी वितरित किए गए।
- प्रावीण्य सूची की छात्राओं को पारितोषिक वितरण किया गया।
- एनसीसी व एनएसएस की छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।
उप मुख्यमंत्री ने सम्मानित छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षित, आत्मविश्वासी और संस्कारित युवा ही देश को नई ऊँचाइयों तक ले जाएंगे। उन्होंने आयोजन के लिए कॉलेज प्रबंधन को शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में गणमान्य अतिथियों, प्राध्यापकों, एनसीसी कैडेट्स एवं छात्राओं की उपस्थिति रही।

Continue With Google
Comments (0)