हर घर जल योजना के कार्यों को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने पर जोर
प्रमुख सचिव ने हर घर जल योजना की समीक्षा की, पाइपलाइन की जानकारी पीएम गति शक्ति पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए
भोपाल: प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी पी. नरहरि ने हर घर जल योजना के सुचारू क्रियान्वयन के लिए जिला पंचायतों और ग्राम पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया है। उन्होंने सागर संभाग के सभी जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे योजना के कार्यों की सतत समीक्षा करें और अधूरे कार्यों को तेजी से पूरा कर ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करें।
नरहरि ने कहा कि इस योजना के तहत हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंचाना भारत सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे 31 मार्च तक अधूरे कार्यों को पूरा कराएं और ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया को समारोहपूर्वक अंजाम दें।
ग्राम पंचायतों को योजना के संचालन और प्रबंधन के लिए उचित प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया गया। प्रमुख सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पाइपलाइन की जानकारी पीएम गति शक्ति पोर्टल पर शत-प्रतिशत अपलोड करें।
उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन 2.0 को भारत सरकार द्वारा हाल ही में स्वीकृति मिली है। छतरपुर जिले से प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, डिप्टी कलेक्टर आयशा अंसारी, ईई पीएचई संजय कुमरे सहित अन्य अधिकारी इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उपस्थित थे।
प्रमुख सचिव ने योजना के अपूर्ण कार्यों को तेजी से पूर्ण करने और ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने की कार्यवाही सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
Continue With Google